अल्मोड़ा:- अखण्ड भारत संकल्प दिवस पर नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

अल्मोड़ा। 14 अगस्त 2025 को अखण्ड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (विद्यार्थी कार्य विभाग) के तत्वाधान में किया गया। यह यात्रा माँ नन्दा देवी प्रांगण से प्रारंभ होकर लाला बाजार, पटाल बाजार, आर्मी गेट, चौघान पाटा, माल रोड होते हुए मिलन चौक पहुंची और पुनः नन्दा देवी प्रांगण में भारत माता की आरती के साथ संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान नगर की गलियां भारत माता की जय, वन्दे मातरम् और अखण्ड भारत अमर रहे के नारों से गूंज उठीं। वक्ता तारा दत्त भट्ट ने कार्यक्रम में अखण्ड भारत के महत्व और देश विभाजन की विभीषिका पर अपने विचार रखते हुए युवाओं से राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

यात्रा का नेतृत्व हिमांशु, जगदीश नेगी, वीरेंद्र, लक्ष्मण सिंह भोज, कमल, राजेश, आशीष जोशी, मंगल सिंह, जसोद सिंह, दीपक पांडे, कैलाश गुरुरानी एवं रूप सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं के साथ ही संघ के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उत्साह, ऊर्जा और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम की नई ज्योति प्रज्वलित कर दी।