अल्मोड़ा -: फ्रेशर पार्टी के दौरान हुआ झगड़ा, छात्रों के दो गुट भिड़े, तीन घायल

अल्मोड़ा| सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों के दो गुट बीती देर शाम आपस में भिड़ गए|


आरोप लगाया जा रहा है कि एक गुट के छात्र ने दूसरे गुट के एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला किया| बीचबचाव कर रहे दो अन्य छात्र भी घायल हुए हैं| तीनों को बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है|


मिली जानकारी के अनुसार एसएसजे परिसर में फ्रेशर पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया| कॉलेज से लौटने के बाद दोनों गुट नगर के अल्मोड़ा इंटर कॉलेज के पास भीड़ गए| एक गुट के छात्र ने दूसरे गुट के एक छात्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया| आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से मामले को शांत कराया और घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया|
सूचना मिलते ही सीओ विमल प्रसाद, कोतवाल राजेश कुमार समेत पुलिस टीम बेस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली|
सीओ विमल प्रसाद के अनुसार, झगड़े की सूचना मिली थी| फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है| तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी|