
देहरादून| एक व्यक्ति को धन का लालच देकर धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है| आरोप है कि दो लोगों ने ईसाई धर्म अपनाने के लिए एक व्यक्ति पर दबाव डाला और उनके देवी-देवताओं का अपमान किया| इसके बाद उन्हें पानी में मिलाकर कुछ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए| पुलिस ने दोनों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है|
एसओ प्रेमनगर पीडी भट्ट के मुताबिक, मामले में विकासनगर के प्रवेश सिंह ने शिकायत की है| उनकी तबीयत खराब रहती है| वह रविवार को प्रेमनगर निवासी सत्येंद्र भट्ट और राजीव कुमार से मिले थे| दोनों पूजा-पाठ करते हैं| दोनों ने प्रवेश सिंह से कहा वह ईसाई धर्म अपना ले तो पैसों से मदद कर देंगे| इसके बाद इलाज भी करवा देंगे|
प्रवेश का आरोप है कि दोनों ने हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक बातें कहीं| जिसके बाद प्रवेश के हाथ में पड़ी रुद्राक्ष की माला भी तोड़ कर फेंक दी| यह आरोप है कि पीने के लिए पानी दिया तो वह बेहोश हो गए| दोनों वहां से चले गए| कुछ देर बाद आंख खुली तो उन्होंने खुद को मंदिर में पाया, पता चला कि आसपास के लोगों ने उन्हें मंदिर पहुंचाया था|
एसओ पीडी भट्ट के मुताबिक, प्रवेश सिंह की शिकायत पर सतेंद्र भट्ट और राजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है| फिलहाल मामले की जांच की जा रही है|
