
भारत और नेपाल के बीच रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं| ऐसे में नेपाल के काठमांडू घाटी के ललितपुर मेट्रोपोलिस सिटी में गोलगप्पे यानि पानीपुरी पर प्रतिबंध से भारत भी अलर्ट हो गया है|
बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से घाटी में हैजा के मामले बढ़ रहे हैं| ऐसे में स्थानीय प्रशासन ने पानीपुरी की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है, ताकि हैजा को रोकने में मदद मिल सके| बता दें कि घाटी में अभी तक हैजा के 12 मामले सामने आ चुके हैं| घाटी में कई पानीपुरी की दुकान है| हैजा फैलने के बाद स्थानीय प्रशासन सख्त हो गया है और खुले में बेचे जाने वाली चीजों की जांच की जा रही है| इस दौरान गोलगप्पे के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी में हैजा के बैक्टीरिया पाए गए हैं| इसके बाद बीते दिवस ललितपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी में पानीपुरी की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है| नेपाल के स्वास्थ्य और जनसंख्या मंत्रालय ने बताया कि काठमांडू घाटी में हैजा लगातार पैर पसार रहा है| हैजा के 7 नए मामले पाए गए हैं| इसके साथ ही घाटी में हैजा के कुल मामलों की संख्या 1 दर्जन यानी 12 हो गई है| नेपाल की सीमा भारत से लगती है और हजारों लोग यहां से वहां जाते हैं ऐसे में भारत को भी सतर्क रहना होगा| हैजा तेजी से फैलने वाली जल जनित बीमारी है| भारत के ज्यादातर राज्यों में मानसून सक्रिय होने जा रहा है ऐसे में भारत को सावधानी बरतनी होगी|
