इस दिन लैग्रेंज पॉइंट वन पर पहुंचेगा आदित्य एल- 1 मिशन….. यह सफलता हासिल करने वाला विश्व का तीसरा देश बनेगा भारत

भारत ने चंद्रयान में सफलता के बाद अब सौर मिशन की तरफ ध्यान देना शुरू कर दिया है। बता दे कि भारतीय सोलर मिशन आदित्य एल- 1 आगामी जनवरी माह में 5 से 7 तारीख के बीच अपनी मंजिल लैग्रेंज पॉइंट वन पर पहुंच जाएगा और यह सफलता हासिल करने वाला भारत विश्व का तीसरा देश भी बन जाएगा।

आदित्य एल-1 सूर्य की अनसुलझी गुत्थियों को सुलझाने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आर्यभट्ट परीक्षण विज्ञान शोध संस्थान के निदेशक प्रोफेसर दीपांकर बनर्जी के अनुसार मिशन पर वैज्ञानिकों के साथ-साथ पूरी दुनिया की नजर है और इसकी अभी तक की यात्रा सफल रही है। काफी जोखिम भरे पड़ावो को मिशन ने सफलतापूर्वक पार कर लिया है और यह मिशन आगामी 5 से 7 जनवरी के बीच अपनी मंजिल तक पहुंच जाएगा। बता दे कि आदित्य L1 मिशन को 2 सितंबर के दिन श्रीहरिकोटा से पीएसएलवी रॉकेट से लांच किया गया था इसका उद्देश्य सूर्य का समग्र अध्ययन, सूर्य से मिलने वाले प्रकाश और ऊर्जा के साथ ही सूर्य पर कई गतिशील परिवर्तन और विस्फोटक घटनाओं की जानकारी जुटाना है। एल-1 बिंदु पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यह दूरी पृथ्वी से चंद्रमा की औसत दूरी की लगभग चार गुनी है इसलिए यहां पहुंचने में 4 महीने से अधिक का समय लग रहा है। यहां पहुंचने के साथ ही भारत इस सफलता को हासिल करने वाला विश्व का तीसरा देश बन जाएगा।