
देहरादून| केदारनाथ के दर्शन करके लौट रहे यात्रियों का वाहन रुद्रप्रयाग गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनकटिया में पहाड़ी से गिरे बाहरी बोल्डरो की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया| इस मौके पर महाराष्ट्र की एक महिला यात्री की मौत भी हो गई जबकि चालक सहित अन्य 10 यात्री घायल हो गए हैं| जिसमें एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है| वाहन में 11 लोग सवार थे| घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है| जहां से कुछ यात्रियों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के लिए रेफर किया गया|
बताते चलें कि बुधवार को केदारनाथ के दर्शन पर 3:30 बजे महाराष्ट्र, बिहार और नेपाल के 10 यात्री गौरीकुंड पहुंचे| वहां से वह शटल सेवा (टैक्सी-मैक्सी) के जरिए लगभग 4:15 बजे सोनप्रयाग के लिए रवाना हुए| वाहन लगभग 2 किमी आगे ही पहुंच पाया था कि मुनकटिया में पहाड़ी से बोल्डर व पत्थर वाहन के ऊपर जा गिरे| जिससे सभी यात्री वाहन में ही फस गए| इस दौरान वाहन का आगे का पूरा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया| गनीमत रही कि सड़क किनारे रेलिंग के चलते वाहन अटक गया अन्यथा डेढ़ सौ मीटर नीचे मंदाकिनी नदी में गिरता|
