उत्तराखंड के इस जिले में बनेगा तीर्थाटन का नया डेस्टिनेशन, फरवरी व मार्च में कर सकेंगे यात्रा

अब उत्तराखंड के चमोली जिले के नीति घाटी में टिंबरसैंण महादेव तीर्थाटन का नया डेस्टिनेशन बनेगा| टिंबरसैंण गुफा में अमरनाथ की तरह प्राकृतिक रूप से शिवलिंग की आकृति बनती है|
बता दें, चारधाम यात्रा नवंबर माह में संपन्न हो जाती है| इसके बाद सरकार का फरवरी व मार्च में टिंबरसैंण महादेव की यात्रा को बढ़ावा देने पर फोकस है|

सरकार का मानना है कि सीमांत गांव में पर्यटन व तीर्थाटन को बढ़ाने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे| चीन सीमा से सटी नीति घाटी में टिंबरसैंण महादेव की गुफा है| यहां हर साल लगभग 10 फीट तक बर्फ का शिवलिंग बनता है| स्थानीय लोग पूजा अर्चना के लिए यहां जाते हैं, लेकिन अभी तक देश दुनिया के श्रद्धालुओं को टिंबरसैंण महादेव के बारे में कम ही जानकारी है| अब सरकार अमरनाथ की तर्ज पर टिंबरसैंण महादेव की यात्रा को बढ़ावा देने की व्यवस्था पर काम कर रही है| अभी तक तीर्थ यात्री चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आते हैं| हर साल यात्रा नया रिकॉर्ड बनाती आ रही है|


पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मुताबिक, टिंबरसैंण महादेव को धार्मिक पर्यटन का नया डेस्टिनेशन बनाने पर सरकार काम कर रही है| इससे सीमांत गांव नीति माणा में पर्यटन को बढ़ावा मिलने से पलायन रुकेगा| हमारा प्रयास यह है कि टिंबरसैंण महादेव की यात्रा के लिए देश दुनिया से तीर्थ यात्री उत्तराखंड आए| इस यात्रा का भी फरवरी व मार्च में प्रचार-प्रसार किया जाएगा| साथ ही टिंबरसैंण में तीर्थयात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई जा रही है|