
देहरादून| प्रदेश में कोरोना के मामलों में कमी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी कोविड-19 संक्रमण को लेकर जारी सख्त प्रतिबंधों को समाप्त कर दिया| इससे पूर्व केंद्र सरकार ने भी कोविड-19 संबंधित सभी मानकों को समाप्त करने की घोषणा की थी| मुख्य सचिव एसएस संधू ने इसके आदेश किए और कहा कि कोविड-19 से सुरक्षा के लिए पूर्व में जारी प्रतिबंध को समाप्त कर दिया गया है| कोविड-19 को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन किया जाता रहेगा| सभी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कोविड-19 को लेकर जारी मानकों का पालन करना पड़ेगा| जिसके तहत मास्क पहनना, परस्पर समुचित दूरी रखना, समय-समय पर हाथों को सैनिटाइज करना शामिल है| बताते चलें कि कोविड-19 की दूसरी लहर शुरू होने पर सरकार ने कई प्रतिबंध लागू किए थे लेकिन कुछ वक्त से संक्रमण में कमी देखने को मिल रही है जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है| केंद्र ने 22 मार्च को सभी कड़े प्रतिबंधों को समाप्त कर दिया था इसके बाद उत्तराखंड में आज से कोविड-19 के सभी तय कड़े मानक खत्म होंगे|

