
उत्तराखंड राज्य में फिर से मौसम बदलने जा रहा है, पोस्ट मानसून लगातार बरस रहा है और मौसम विभाग द्वारा एक बार फिर से तीन दिन के अंतराल के बाद मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के अल्मोड़ा, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम के बदले हुए मिजाज से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते सामान्य से 5 डिग्री तक तापमान गिर चुका है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा शुक्रवार को देहरादून समेत अल्मोड़ा ,चंपावत, उधम सिंह नगर आदि में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ ही राज्य के 3500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं तथा गरज, चमक के साथ झोंकदार हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।





