
रमेश चन्द्र पाण्डेय (बृजवासी)

गरुड़ (बागेश्वर) । नगर पंचायत गरुड़ ने गरुड़ गंगा वार्ड में एक लम्बे अरसे से महिलाओं द्वारा की जा रही शौचालय की मांग पर अपना महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गत दिवस पिंक शौचालय का शुभारंभ कर दिया हैं । इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने कहा कि इससे बालिकाओं व महिलाओं को बेहत्तर सुविधा व सुरक्षा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि पिंक शौचालय महिलाओं और बालिकाओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सम्मान को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल है। इससे महिलाओं, बालिकाओं तथा नगर में आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ एवं सुविधाजनक शौचालय की उपलब्धता से राहत मिलेगी। महिलाओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए ऐसी सुविधाओं का विकास एक बेहतर, स्वच्छ और संवेदनशील नगर की पहचान है। इस अवसर पर सभासद बबीता नेगी, अंकित जोशी, ललिता प्रसाद, ईओ धीरज कांडपाल, वरिष्ठ सहायक किशन सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश बिष्ट ठाकुर, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष कुंदन भंडारी, रोहित पांडे, बिशन दत्त पांडे सहित अनेक व्यापारी व पर्यावरण मित्र आदि मौजूद थे।




