
गरुड़ (बागेश्वर) । द्यौनाई क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। ग्रामीणों की एक लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए विद्यालय के उच्चीकरण का शिलान्यास दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट और विधायक पार्वती दास ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, बीईओ कमलेश्वरी मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष गरुड़ सुंदर दोसाद सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने विद्यालय में एक कक्ष और शौचालय निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र की ओर से विद्यालय के उच्चीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे आज पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय अब उच्चतर माध्यमिक स्तर की दिशा में आगे बढ़ चुका है और क्षेत्र के बच्चों को अपनी पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
शिव सिंह बिष्ट ने विद्यालय के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2007 में विद्यालय को वित्तीय मान्यता मिली और वर्ष 2014 में इसका प्रांतीयकरण किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास और राजकीयकरण की दिशा में क्षेत्र के शिक्षकों तथा जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वर्गीय विधायक चंदन राम दास के प्रयासों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
दर्जा मंत्री ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 200 से अधिक होनी चाहिए और इसके लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय से निकलने वाले विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर देवनाई सड़क और देवनाई चौखुटिया मोटर मार्ग को लेकर भी जानकारी दी गई। मंत्री ने बताया कि मार्ग के मिलान के लिए विभागीय स्तर पर एनओसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश पंत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन नवीन मिश्रा ने किया।
विद्यालय के उच्चीकरण से क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। यह कदम ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को मजबूत करने और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





