अल्मोड़ा:- लोक चेतना के अमर गायक स्व. हीरा सिंह राणा की मनायी गयी 84 वीं जन्म जयंती

लोक चेतना के अमर गायक स्व. हीरा सिंह राणा की 84 वीं जन्म जयंती को बड़े धूमधाम के साथ उनके पैतृक गाँव – डढोली,मानिला (सल्ट) में बने ‘स्व. हीरा सिंह राणा लोक संग्रहालय’ में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में कैप्टन के.एस.भाकुनी,प्रमुख क्षेत्र पंचायत सल्ट कंचना रावत,तुला सिंह तड़ियाल, मदन कठायत,विरेन्द्र भंडारी, महेश उपाध्याय, भैरव दत्त पाण्डे, कृपाल सिंह बिष्ट, चंदन सिंह, सुनील टम्टा, मानसिंह बिष्ट, कुन्दन सिंह बिष्ट, चंदन सिंह पटवाल,फकीर सिंह भण्डारी,रमेश लखचौरा आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ में मंचस्थ अतिधियों, गणमान्य व्यक्तियों द्वारा सुप्रसिद्ध कुमाउनी कवि,साहित्यकार, गीतकार, गायक स्व.राणा की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सभ्रांत लोगों ने अपने गाँव, क्षेत्र के महान लोकगायक को अपने ओर श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्व.राणा के व्यक्तित्व, कृतित्व को याद किया। इसके उपरांत कुमाउनी लोकगायक ईश्वर चन्द्र कोहली,चन्द्रशेखर गहत्याड़ी,महेश उपाध्याय व अन्य गायकों द्वारा राणा जी के गीतों को गाकर उन्हें याद किया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से 5 प्रस्ताव पारित किये गये, जिनमें स्व. हीरा सिंह राणा संग्रहालय में लघु मरम्मत कार्यदायी संस्था से कराया जाय। जिससे संग्रहालय की छत में पानी जमा न होने पाये व दीवारों में सही से प्लस्तर किया जाए। जिलाधिकारी अल्मोड़ा को निर्माण कार्य की जाँच करने के साथ कार्यदायी संस्था से कमियों में सुधार कराने की माँग की गयी। दूसरे प्रस्ताव में संग्रहालय में स्थापित स्व. राणा जी की मूर्ति उनकी शक्ल,सूरत से मेल नहीं खाती। अत: इसे बदला जाय। प्रस्ताव -3 में स्व. राणा संग्रहालय में प्लाई से बने रैकों के स्थान पर शीशे के फ्रेम चढ़ाये जाएं। जिससे संग्रहालय से संग्रहित साहित्य व अभिलेखों को सुरक्षित रखा जा सके। प्रस्ताव – 4 में स्व. हीरा सिंह राणा के नाम पर एक एक संस्था का पंजीकरण हो। इस साहित्यिक संस्था के माध्यमल से संग्रहालय में संग्रहित साहित्य का रखरखाव सहित समय – समय पर स्व. राणा के साहित्य के प्रचार – प्रसार के साथ ही उनके कृतित्व पर आधारित साहित्यिक संगोष्ठी, जन्म जयंती, पुण्य तिथि आदि साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहे। प्रस्ताव – 5 के क्रम में स्व. हीरा सिंह राणा की जन्म जयंती 16 सितंबर को प्रतिवर्ष ” लोक संस्कृति दिवस” के रुप में पूरे प्रदेशभर में मनाया जाए। उक्त सभी प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत सल्ट की प्रमुख कंचना रावत द्वारा प्रमुखता से रखे गये। सभी के द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किये गये। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान डढोली तेजपाल सिंह, ग्राम प्रधान भैसीखेत प्रताप सिंह नेगी, ग्राम प्रधान पूनाकोट प्रेम सिंह चौहान, ग्राम प्रधान पुरियाचौडा किशोर भाकुनी, ग्राम प्रधान मणुली दीपचन्द नैलवाल ‘रौविन’, पूर्व प्रधान सकनणा प्रताप सिंह रावत,ललित मोहन नैलवाल, हीरा सिंह बंगारी,सूबेदार हीरा सिंह बिष्ट का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में नरपतराम, हिम्मत सिंह,ललित सल्डिया,हंसी बंगारी, हेमा राणा, प्रोमिला रावत,कमला मनराल, मानसिंह राणा, विशाल भारद्वाज के साथ ही समस्त ग्रामवासियों व क्षेत्रवासियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर समस्त अतिथियों के लिए चाय व जलपान की व्यवस्था ललित सिंह सल्डिया व भोजन व्यवस्था बहादुर सिंह बिष्ट अध्यापक डढोली द्वारा की गयी। कार्यक्रम का संचालन के.एस. बंगारी व कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता जी.एस. चौहान द्वारा की गयी। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जी.एस. चौहान ने स्व.राणा की जन्म जयंती में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों,प्रबुद्धजनों,ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिये सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करने के साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी मंचस्थ अतिधियों, प्रबुद्धजनों, सम्मानित ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों द्वारा सर्वसम्मति से पारित 5 प्रस्तावों पर उत्तराखंड सरकार व संस्कृति विभाग से शीध्र सार्थक पहल कर महान लोकगायक स्व.राणा के व्यक्तित्व, कृतित्व को जन – जन तक, वैश्विक पटल तक प्रचार – प्रसार दिलाने के साथ स्व.राणा की जन्म जयंती को संस्कृति विभाग से मान्यता प्रदान कर इसे “लोक संस्कृति दिवस” के रुप में पूरे प्रदेश के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं में मनाये जाने की बात को प्रमुखता से रखा।इसके उपरांत कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गयी।

Advertisements

Leave a Reply