
बागेश्वर । जिला सेवायोजन कार्यालय, बागेश्वर के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में एकदिवसीय कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11 एवं 12 के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा स्टेट पूल में विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त व्यक्तित्वों को कैरियर काउंसलिंग विशेषज्ञ के रूप में जोड़ा गया है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मूल रूप से कौसानी (बागेश्वर) निवासी तथा वर्तमान में तेलंगाना राज्य में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत वर्ष 2019 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के युवा अधिकारी अशोक कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से छात्र-छात्राओं को कैरियर निर्माण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न कैरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रूपरेखा से विद्यार्थियों को अवगत कराया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा कैरियर के बेहतर अवसरों के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य दीप चन्द्र जोशी, नेटवर्क इंजीनियर सचिन साह सहित हेमन्त कुमार उपस्थित रहे।


