बागेश्वर :- अमोली में मवेशी खोर बाघ का आतंक…..ग्रामीणों ने वन विभाग से की पिंजरा लगाने की मांग

गरुड़ (बागेश्वर) । गरुड़ तहसील के नजदीकी गांव अमोली में एक पखवाड़े से मवेशी खोर बाघ का आतंक छाया हुआ है। बाघ की दहशत से ग्रामीण शाम होते ही अपने -अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गये हैं। मवेशी खोर बाघ ने अमोली में भागुली देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद के मुर्गीबाड़े को तोड़कर मुर्गियों को अपना निवाला बना लिया। उसी गांव में मवेशीखोर बाघ ने सरस्वती देवी पत्नी हरीश राम के गौशाले में घुसकर एक बकरी को अपना निवाला बना डाला। बकरी का क्षत-विक्षत शव पास के गधेरे में अगले दिन उन्हें मिला।
शाम होते ही मवेशी खोर बाघ गांव के आसपास गुर्राने लगता है जिंससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है। सभी ग्रामीणों सहित भाजपा महिला प्रमुख आनन्दी देवी ने वन विभाग से मांग की हैं कि गांव में पिंजरा लगाकर मवेशीखोर बाघ को पकड़कर ग्रामीणों को भयमुक्त किया जाए।