Uttarakhand:- बारिश की तबाही में एक ही परिवार के तीन लोगों की हुई मौत….. सीएम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दिया आश्वासन

उत्तराखंड राज्य में बारिश की तबाही में कई लोगों ने अपने अपनों को खो दिया है और ऐसा ही मामला उत्तराखंड के टिहरी से सामने आया है जहां भिलंगना ब्लॉक में नौताड़ तोक में बादल फटने के कारण एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावितों से मिलने के लिए पहुंचे।

बादल फटने के कारण एक परिवार के तीन लोग मौत के मुंह में समा गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार नौताड़ तोक में एक होटल बह गया जिसमें होटल स्वामी भानु प्रसाद उनकी पत्नी नीलम देवी व पुत्र विपिन लापता थे। रेस्क्यू के दौरान भानु और उनकी पत्नी का शव घटनास्थल से 100 मीटर दूर बरामद कर लिया गया है और लापता युवक विपिन घायल अवस्था में मिला लेकिन मुंह में मलबा भर जाने के कारण विपिन को सांस लेने में कठिनाई होने लगी रात 2:00 बजे विपिन को पिलखी से एम्स ले जाया गया लेकिन उसके बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। बादल फटने के बाद नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जखन्याली ग्राम पंचायत के प्रधान से मोबाइल पर बात की और उन्होंने एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत पर दुख भी व्यक्त किया तथा ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।