
अल्मोड़ा। जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश जीना और उनके परिवार को मारने की धमकी मिली है और तहरीर के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच करनी शुरू कर दी है। अल्मोड़ा के सल्ट विधायक महेश जीना को उनके परिवार समेत मारने की धमकी मिली है।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है। भत्रौजखान थाने में तहरीर देते हुए विधायक के बेटे करन जीना ने कहा कि बीते 23 जुलाई को पिता और उनका पूरा परिवार अपने आवास पर भोजन की व्यवस्था में जुटा था हंस उर्फ हर्ष सिंह नेगी ने रात 8:00 बजे के करीब उनके मोबाइल पर फोन कर गाली गलौज शुरू कर दी। कुछ देर बाद आरोपी ने विधायक को फोन कर उन्हें भी गाली गलौज की और पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। विधायक की पत्नी के व्हाट्सएप पर भी जान से मारने का मैसेज भेजा। ऐसे में उनके परिवार पर खतरा बना हुआ है। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की जाए और इस मामले में जल्द से जल्द कार्यवाही होगी।

