
उत्तराखंड राज्य में बढ़ती गर्मी से डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। स्वास्थ्य सचिव द्वारा गाइडलाइन में सभी जिलों को डेंगू और चिकनगुनिया रोग की रोकथाम तथा बचाव के लिए ब्लॉक वायरस सूक्ष्म योजना बनाने निर्देश दिए गए हैं।
वायरस संक्रमण रोकने और बचाव के लिए सभी जिलों को गाइडलाइन जारी कर दी गई है। सभी जिला अधिकारियों एवं सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में डेंगू मरीजों के उपचार के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया जाए तथा शहरी निकायों के माध्यम से वार्डों में फागिंग की जाए। जुलाई से नवंबर माह का समय डेंगू वायरस का संक्रमण फैलने के लिए अनुकूल होता है जिसे रोकने के लिए सतर्कता बरतने की आवश्यकता है और इस दौरान कूलर, फूलदान, गमले , खुली पानी की टंकी, पुराने टायर आदि में पानी जमा होने से डेंगू का लारवा पनपता है तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता अभियान चलाने के लिए भी कहा है। स्वास्थ्य विभाग ने गाइडलाइन में निर्देश दिए हैं कि सभी नगर निगम और निकाय अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाएं और संबंधित विभाग लार्वा समाप्त करने के लिए नगर निगम, नगर पालिका तथा आशा कार्यकर्ता के साथ टीम बनाकर कार्यवाही करें।

