वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारियों की मुख्यमंत्री धामी ने ली बैठक…….पेयजल और वनाग्नि के लिए किये जा रहे प्रयासों की ली जानकारी

गरुड़ ( बागेश्वर ) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से ग्रीष्मकाल में पेयजल और वनाग्नि को लेकर कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों की वर्चुअल माध्यम से बैठक लेते हुए समीक्षा की। जनपद बागेश्वर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने मुख्यमंत्री को जिले में वनाग्नि नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर लगभग तीन हजार लोगों को वनाग्नि के प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के सम्बंध में जागरूक किया गया है।

साथ ही जंगल से सटे गांव के लोगों से निरन्तर वार्तालाप एवं संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वन पंचायतों को भी सक्रिय किया गया है। वन विभाग के कार्मिक भी नियमित रूप से जंगलो को आग से बचाने के लिए ठोस उपाय कर रहें है। जिला आपात परिचालन केंद्र, फायर क्रू स्टेशन और पुलिस कंट्रोल रूम निरन्तर वनाग्नि पर नजर बनाएं हुए है। तथा वनाग्नि के प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के लिए सभी उपकरण और संसाधन को क्रियाशील रखा गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कस्बों और गांव में पानी का संकट गहराया है वहां जल संस्थान द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की है तथा शिफ्टवार पानी की आपूर्ति टैंकरों से की जा रही है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल,उप जिलाधिकारी बागेश्वर मोनिका,कपकोट अनुराग आर्या,एसडीओ सुनील कुमार व आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल आदि मौजूद थे ।