Uttarakhand – यूपी सरकार ने आवंटित की जमीन…… अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड सदन

उत्तराखंड राज्य के लिए यह काफी अच्छी खबर है कि अब अयोध्या में उत्तराखंड सदन बनेगा। बता दे कि अयोध्या में सोमवार को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद उत्तराखंड सरकार भी प्रभु श्री राम के दर्शन करने के लिए जाएगी और 22 जनवरी के बाद पूरी कैबिनेट के साथ मुख्यमंत्री ने अयोध्या जाने की घोषणा की है।

Advertisements

अयोध्या में तीन एकड़ भूमि पर राम भक्तों के लिए भव्य उत्तराखंड सदन बनेगा और उत्तर प्रदेश सरकार से इसके लिए जमीन भी मांगी गई थी जो कि स्वीकृत हो चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है और इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड मैदान से भाजपा व हिंदू संगठनों की रामराज्य शोभा यात्रा के अवसर पर कहा कि राम भक्तों का 500 वर्षों से अधिक का इंतजार समाप्त हो गया है और 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। उत्तराखंड से भगवान श्री राम का विशेष नाता है। देवप्रयाग में भगवान श्री राम को समर्पित रघुनाथ मंदिर एवं बागेश्वर में निर्मल बहती सरयू नदी से भगवान का नाता है वहीं अब उत्तराखंड सरकार ने अयोध्या में उत्तराखंड सदन बनाने का निर्णय लिया है जिसके लिए यूपी सरकार ने जमीन आवंटित कर दी है।