
उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से ठंड का प्रकोप जारी है| एक सप्ताह के बाद मौसम ने अपने तेवर दिखाए तो मैदानी इलाकों में बीते शुक्रवार को दिनभर कपकपाती ठंड ने खूब परेशान किया, हालांकि पहाड़ी इलाकों में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली|
बीते दिवस दून का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है| शुक्रवार सुबह कोहरा छाया तो मैदानी इलाकों में सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा| सुबह करीब 11:00 बजे से कोहरा छंटना शुरू हुआ, लेकिन दिनभर शीतलहर चलने से गलन वाली ठंड रही| शीत दिवस होने के चलते दिन भर बादल छाए रहे| दोपहर में एक दो बार ही सूरज के दर्शन हो सके|
प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले सप्ताह से राहत मिलने के आसार है| मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 24-25 जनवरी के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा कम होने लगेगा| इससे ठंड कम होने के साथ लोगों को राहत मिलेगी| पहाड़ों में धूप खिलने से मौसम खुशनुमा रहा| धूप खेलने से पहाड़ों में ठंड का एहसास कम हो रहा है|

