38वें राष्ट्रीय खेल -: उत्तराखंड के खिलाड़ियों को नहीं मिल पाएगी नेशनल गेम्स में एंट्री!, जानिए कारण

38वें राष्ट्रीय खेलों में साइकलिंग इवेंट में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ी को कम से कम सवा लाख रुपये की साइकिल खरीदनी होगी|
बता दें, वैलोड्रम के लिए बनी विशेष प्रकार की साइकिल के बिना प्रतिभागी ना तो इवेंट में शामिल हो सकता है और ना ही उसका पंजीकरण हो सकेगा| ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि राष्ट्रीय खेलों के लिए साइकिल का इंतजाम कौन करेगा|


दरअसल, उत्तराखंड में अक्टूबर-नवंबर 2024 में प्रस्तावित 38 वें राष्ट्रीय खेलों में साइकिलिंग का इवेंट भी शामिल है| नेशनल गेम्स में ट्रैक साइकलिंग होगी जो वैलोड्रम पर आयोजित होती है| इसके लिए रुद्रपुर में बाकायदा 333.53 मीटर का वैलोड्रम भी तैयार किया जा रहा है| मगर उत्तराखंड के खिलाड़ी इस इवेंट में पदक के आसपास भी पहुंच पाएंगे, यह बड़ा सवाल है|
बता दें, उत्तराखंड में अभी तक सिर्फ माउंट बाइकिंग के ही इवेंट होते रहे हैं| प्रदेश में माउंटेन बाइकिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होती रहती है| मगर वैलोड्रम नहीं होने के कारण साइकिलिंग का इवेंट नहीं हो सका| यहां तक की गोवाष, केरल सहित अन्य जगहों पर हुए राष्ट्रीय खेलों में भी साइकलिंग टीम का पता तक नहीं था| वही अब मेजबान होने के कारण 38 वें राष्ट्रीय खेलों में साइकलिंग में वाइल्डकार्ड एंट्री उत्तराखंड को मिली है, और इसके लिए वैलोड्रम भी तैयार होने लगा है| मगर खिलाड़ियों का पता नहीं है|


बता दें, वैलोड्रम में साइकलिंग इवेंट के लिए सवा लाख से 8 लाख रुपये तक की साइकिल का इस्तेमाल होता है| वही उत्तराखंड ओलंपिक संघ में भी साइकिल नहीं दे पाने की बात कही, इसलिए खिलाड़ी को कम से कम सवा लाख की साइकिल खरीदनी होगी, इसके बाद ही वह प्रतिभाग कर सकेंगे|
उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह के मुताबिक, साइकिल के संबंध में खेल विभाग और शासन को पत्र लिखकर खिलाड़ियों को साइकिल दिलाने के प्रयास किए जाएंगे|