सुनवाई के इंतजार में बैठी दुष्कर्म पीड़िता ने न्यायालय परिसर में खाया जहर, मचा हड़कंप

रुड़की| न्यायालय परिसर में गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता ने कीटनाशक गटक लिया| इसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई| युवती को उपचार के लिए सिविल अस्पताल के ड्रामा सेंटर लाया गया| हालत में सुधार न होता देख उसे ऋषिकेश रेफर कर दिया गया|
दरअसल, पीड़िता कोर्ट में तारीख पर आई थी| उसने कोर्ट में गर्भपात करने के लिए प्रार्थना पत्र दे रखा है|
मिल रही जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बदायूं की रहने वाली युवती भगवानपुर थाना क्षेत्र में किराए पर कमरा लेकर रह रही थी| इसी साल युवती की मुलाकात तैय्यब निवासी रोलाहेडी, थाना भगवानपुर से हुई|


आरोप है कि तैय्यब ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया| बाद में शादी से इनकार कर दिया| इसको लेकर दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई और मामला थाने तक पहुंचा था| इसी बीच पता चला की युवती गर्भवती है| इस बीच युवती ने एसएसपी से गुहार लगाई| एसपी के निर्देश पर पुलिस ने 31 सितंबर 2023 को भगवानपुर थाने में तैय्यब के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया| पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था| पुलिस ने इस मामले में 18 नवंबर को आरोपी के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र भी दाखिल किया| पीड़िता इस समय चार माह की गर्भवती है|

उसने कुछ समय पहले गर्भपात करने के लिए रुड़की के रामनगर स्थित प्रथम अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन की कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था| इसी मामले को लेकर बीते दिवस पीड़िता कोर्ट की तारीख पर आई थी| सुनवाई के इंतजार में बैठी पीड़िता ने अचानक ही कीटनाशक गटक लिया| इसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई| जिससे वहां हड़कंप मच गया|
सिविल अस्पताल में ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने करीब डेढ़ घंटे तक उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने के कारण पीड़िता को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है|