Uttarakhand-पीएमओ कार्यालय से पहुंची टीम ने लिया सिलक्यारा में रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा….. टेलीफोन के जरिए श्रमिकों से की बात

उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी टनल हादसे का जायजा लेने के लिए आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव डॉक्टर पीके मिश्रा एवं केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला पहुंचे और उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने ग्राफिकल प्रस्तुतीकरण एवं मैपिंग के माध्यम से टनल की भौगोलिक स्थिति को भी समझा तथा टनल के अंदर चल रहे रेस्क्यू कार्य की बारीकियो को भी उन्होंने समझा। रेस्क्यू में जुटे अधिकारियों एवं श्रमिकों व इंजीनियरों से भी जानकारी ली गई इसके साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सभी श्रमिकों का हौसला भी उन्होंने बढ़ाया तथा प्रमुख सचिव डॉक्टर पीके मिश्रा ने आगर मशीन की ब्लेड एवं सॉफ्ट काटने की प्रक्रिया में जुटे श्रमिकों से बात करते हुए उनके काम की सराहना की तथा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अंदर फंसे श्रमिकों के साथ राहत बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान दिया जाए। अंदर फंसे श्रमिकों से भी टेलीफोन के जरिए बातचीत कर उनका हाल जाना और वार्ता के दौरान उन्होंने श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कहा।