उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग के निर्माण में सामने आया लापरवाही का बड़ा मामला

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग के निर्माण में लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है| जानकारी के अनुसार, सुरंग के जिस संवेदनशील हिस्से में भूस्खलन हुआ है वहां उपचार के लिए गार्टर रिब की जगह सरियों का रिब बनाकर लगाया गया है|
सुरंग निर्माण से जुड़े लोगों का यह कहना है कि वहां गार्टर रिब लगाया गया होता तो भूस्खलन नहीं होता|


दरअसल, बीते रविवार को निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में भूस्खलन की घटना घटी| जिसके चलते 40 मजदूर सुरंग के अंदर फस गए|
यहां निर्माण में लगी कंपनी की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है| सुरंग के एक मशीन ऑपरेटर के मुताबिक, कंपनी से जुड़े लोगों की लापरवाही से आज 40 लोगों का जीवन संकट में है| सिलक्यारा सुरंग के मुहाने से 200 मीटर अंदर जहां भूस्खलन हुआ है वह हिस्सा संवेदनशील है| जिसमें गार्टर रिब की जगह 32 एमएम की सरियों से बना रिब लगाया गया है, जो की मलवे का दबाव नहीं झेल पाया| बताया कि यहां गार्टर रिब लगाया गया होता तो शायद यह हादसा नहीं होता|


निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में 2 पॉइंट भूस्खलन के लिहाज से बेहद संवेदनशील है| पहला पॉइंट सिलक्यारा मुहाने से 200 मीटर की दूरी पर है| जिसमें वर्तमान में भूस्खलन हुआ है| एक अन्य सिलक्यारा वाले मुहाने से ही 2000-2100 मीटर के मध्य है|
टनल के एक मशीन ऑपरेटर के मुताबिक, 2000 से 2100 के बीच वाले संवेदनशील पार्ट का स्थायी उपचार हुआ है, लेकिन 200 मीटर के निकट वाले का नहीं|