
देहरादून| दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मचारियों को परिवहन निगम प्रोत्साहन राशि देगा| इसके लिए निगम प्रबंधन ने प्रोत्साहन योजना की घोषणा कर दी है|
निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 5 नवंबर से 15 नवंबर तक केवल एक अवकाश लेकर 11 दिन ड्यूटी करने वालों को इस योजना का लाभ मिलेगा| केवल मैदानी मार्ग पर संचालन करने वाले ड्राइवर-कंडक्टर को कम से कम 2750 किमी चलाने, मैदानी और पर्वतीय मिश्रित मार्गो पर संचालन करने वाले ड्राइवर कंडक्टर को कम से कम 2200 किमी, केवल पर्वतीय मार्गो पर न्यूनतम 1980 किमी संचालन पर 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी| इस अवधि में कार्यशालाओं में जो कर्मचारी 11 दिन ड्यूटी करेंगे उन्हें 1000 प्रति कार्मिक प्रोत्साहन राशि मिलेगी|
बता दें, इसमें मंडलीय कार्यशाला और टायरशॉप भी शामिल है| इस अवधि में आउटसोर्स कर्मचारी जो 11 दिन ड्यूटी करेंगे उन्हें भी 1000 रुपये मिलेंगे| डिपो के संचालन में सीधे तौर पर जुड़े डीजल, बैग, चेकिंग, कैशियर और समयपाल लिपिकों को भी 1000 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी| इसके अलावा बता दें की अवधि में उच्चतम आय प्राप्त करने वाले तीन डिपो के सहायक महाप्रबंधकों और उपाधिकारियों को अलग से प्रोत्साहित किया जाएगा| सबसे कम आय देने वाले हर डिपो के पास कंडक्टर-ड्राइवर के खिलाफ कार्यवाही भी की जाएगी|

