
अल्मोड़ा| विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) संगठन के विद्यार्थियों का 12 सूत्री मांगों को लेकर क्रमित अनशन जारी रहा| विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द मांगे पूरी नहीं होने पर अनशन जारी रखने की चेतावनी दी गई है| विद्यार्थी पुस्तकालय में नई पुस्तक मंगवाने, परिसर में फ्री वाई-फाई, पार्किंग सुविधा और विद्यार्थियों के लिए शौचालय की मांग समेत 12 मांगे पूरी करने की मांग पर डटे हैं| इस दौरान यहां नीरज बिष्ट, वरुण कपकोटी, राहुल कुमार, निखिल कपकोटी, भारतेंदु कांडपाल आदि मौजूद रहे|
इसके अलावा एनएसयूआई छात्र संगठन के विद्यार्थी परिसर में विद्यार्थियों की समस्या के समाधान के लिए हेल्प डेस्क खोलना, परिसर संकाय के समीप कूड़ेदान स्थापित करने समेत 10 मांगों को लेकर धरने पर रहे| उन्होंने मांगे जल्द पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है| छात्र संघ अध्यक्ष पंकज कार्की ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तक नहीं है| छात्रावास के जर्जर भवनों की सुध नहीं ली जा रही है|
इसके लिए छात्र संगठन लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है| 10 मांगों को लेकर विद्यार्थी धरने पर बैठे है, जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा| इस दौरान धरना देने वालों में सांस्कृतिक सचिव नितिन रावत, अमित बिष्ट, अमन लटवाल, कार्तिक कनवाल, अमित बिष्ट, हर्षित दुर्गापाल, नितिन मेहरा आदि मौजूद रहे|

