पहली बार उत्तराखंड में पर्यटक स्थलों का कराया जाएगा सर्वे, पर्यटन विकास योजना बनाने में मददगार साबित होगा डाटा

देहरादून| देश-दुनिया से उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों का पहली बार सर्वे किया जाएगा| विदेशी और घरेलू पर्यटकों को राज्य में घूमने फिरने के लिए सबसे ज्यादा कौन सा स्थान पसंद है| साथ ही धार्मिक व साहसिक समेत अन्य किन पर्यटन गतिविधियों के लिए उत्तराखंड आते हैं और उन्हें किस तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है| इसे जानने के लिए प्रदेशभर में अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर सर्वे किया जाएगा|


बता दें, हर साल लगभग 5 करोड़ पर्यटक उत्तराखंड आते हैं| इसमें चारधाम यात्रा में आने वाले तीर्थ यात्री भी शामिल है, वहीं गर्मियों की छुट्टियां बिताने, वीकेंड, नए साल का जश्न, राफ्टिंग, पर्वतारोहण, आध्यात्म के लिए देश-विदेश से पर्यटक यहां आते है| राज्य में आने वाले पर्यटकों का रूख जानने को पर्यटन विभाग ने सर्वे का खाका तैयार कर दिया है| जिसके आधार पर पर्यटकों से फीडबैक लिया जाएगा| सर्वे के दौरान पर्यटकों से कई सवालों पर जवाब लिए जाएंगे| उत्तराखंड में कौन सा पर्यटक स्थल पसंद है, धार्मिक, साहसिक के अलावा अन्य पर्यटन गतिविधियों के लिए पर्यटक यहां आना चाहते हैं| हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी, नैनीताल, भीमताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, समेत प्रदेश के कई पर्यटकों पर सर्वे किया जाएगा| पर्यटन विभाग ने सर्वे के लिए एजेंसी का चयन करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है|


सर्वे से प्राप्त होने वाला डाटा भविष्य में पर्यटन विकास योजना बनाने में मददगार साबित होगा|
अपर सचिव पर्यटन युगल किशोर पंत के मुताबिक, प्रदेश में किस क्षेत्र और पर्यटन के लिए घरेलू और विदेशी पर्यटक उत्तराखंड में आते हैं, इसे जानने के लिए सर्वे कराया जाएगा|