
वर्तमान समय में कुमाऊं के कुछ हिस्सों में गुलदार का खौफ काफी बढ़ने लगा है। बता दें कि गुलदार के खौफ ने दोपहिया वाहनों के लिए टनकपुर- पिथौरागढ़ हाईवे बंद करवा दिया है। चंपावत ,पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा क्षेत्र में गुलदार से लोग खौफजदा है। सूरज ढलते ही हाईवे पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही थम जा रही है। शाम 5:00 बजे के बाद लोगों को समूह में जाने की ही अनुमति मिल रही है। एनएच पर गुलदार का आतंक बना हुआ है। 9 दिन से 30 वनकर्मियों की परीक्षा गुलदार ले रहा है।
हाईवे पर अब तक गुलदार 13 दोपहिया वाहन सवारों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है और वन विभाग के अनुसार गुलदार शाम 6 से 7 बजे के बीच हमला कर रहा है। सुखीढांग से बस्तिया तक हाइवे पर 20 किलोमीटर का क्षेत्र इस समय पूरी तरह बफर जोन बना हुआ है और दोपहिया वाहन चालकों को 5:00 बजे के बाद हाईवे से जाने पर रोका जा रहा है। उन्हें आपात स्थिति में ही बड़े वाहनों के साथ बीच में यात्रा करने के लिए कहा जा रहा है। वन कर्मचारी बड़े वाहनों का साथ देकर दोपहिया वाहनों को हाईवे पार करा रहे हैं। हल्द्वानी, नैनीताल से आए ट्रैकुलाइज विशेषज्ञों के अनुसार गुलदार की खोज जारी है।

