
सोशल मीडिया के जरिए ठगी के कई मामले अक्सर सामने आते रहते हैं| अब तक कई लोग इस तरह की ठगी का शिकार हो चुके हैं| ऐसा ही मामला पंजाब के गुरदासपुर के सीमावर्ती शहर डेरा बाबा नानक से सामने आया है|
जहां युवक से फेसबुक पर जुड़ी एक लड़की ने खुद को लंदन का बताकर 5 लाख रुपये की ठगी की है| लड़की ने युवक को शादी करने और विदेश ले जाने के सपने दिखाकर फिल्मी अंदाज में उससे ये ठगी की है| ठगी के बाद से उसके सारे फोन नंबर बंद आ रहे हैं| वहीं, युवक ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है|
डेरा बाबा नानक के नजदीकी गांव पखोके टाहली साहिब का एक युवक राजा मसीह विदेश जाने की चाह में फेसबुक में फ्रॉड का शिकार हो गया| वह गांव में अपना छोटा-मोटा कारोबार कर रहा था| अचानक एक दिन एक लड़की ने उसे फेसबुक पर मैसेज किया और कहा कि वह काफी समय से लंदन में रहती है| उससे दोस्ती करना चाहती है| उसने फेसबुक पर उसकी खूबसूरत तस्वीरें देखीं और वह भी दोस्ती के लिए तैयार हो गया|
कई दिनों तक दोनों के बीच चैटिंग होती रही| एक दिन लड़की का फोन आया कि वह उससे शादी करना चाहती है| वह उसे जल्द ही लंदन बुला रही है|
लड़की ने कागजी कार्रवाई के लिए उससे वॉट्सएप के जरिए सभी दस्तावेज भी मांगे, जिससे उसकी विदेश जाने की इच्छा और बढ़ गई| कुछ दिनों के बाद लड़की ने फोन पर बताया कि वह अक्टूबर में भारत आएगी और कुछ दिन उससे मिलने के बाद शादी कर लेगी| इसके बाद दोनों विदेश में शिफ्ट हो जाएंगे|
कुछ दिन पहले अचानक लड़की का फोन आया कि उसका एक दोस्त अमृतसर आ रहा है| वह उसे दूतावास में जमा कराने के लिए 5 लाख रुपये दे दे, ताकि उसे जल्द ही वीजा मिल सके| जब वह वहां पहुंचा तो एक कार में एक लड़की और उसके 2 साथी थे| जिनसे उसकी मुलाकात हुई| बातचीत के बाद उसने उन्हें पैसे दे दिए| इसके बाद वह घर लौट आया| इसके बाद जिन नंबरों पर बात हो रही थी, वे सभी नंबर बंद हो गए| तब युवक को एहसास हुआ कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है| उन्होंने अपनी सारी मेहनत की कमाई खो दी है| उसने पुलिस अधिकारियों से न्याय दिलाने और धोखाधड़ी करने वाली फेसबुक लड़की के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है|
