
सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध दशहरा महोत्सव में इस बार सिर्फ 10 पुतलों का ही दहन होगा| साथ ही दशहरा समिति 14 फीट से अधिक ऊंचे पुतलों का पंजीकरण नहीं करेगी| इस बार पिछले साल की तुलना में रावण परिवार के पुतलों की संख्या कम की गई है|
दरअसल, अल्मोड़ा में हर साल दशहरा पर्व पर रावण परिवार के पुतलों का जुलूस निकाला जाता है| बीते वर्ष इस पर्व पर नगर में 22 पुतले बनाए गए|
बीते दिनों नगर पालिका सभागार में हुई बैठक में प्रशासन ने इस बार अधिकतम 10 पुतलों के दहन की अनुमति दी है| दशहरा समिति की ओर से भी इससे अधिक पुतलों के दहन के लिए पंजीकरण नहीं किया जाएगा| पुतलों का दहन एसएसजे विश्वविद्यालय या सिमकनी मैदान में किया जाएगा|
एसडीएम सदर जयवर्धन शर्मा के मुताबिक, इसके लिए जल्द ही प्रशासन, पुलिस, फायर, नगर पालिका और दशहरा समिति के पदाधिकारी संयुक्त निरीक्षण करेंगे| ट्रॉली, वाहन सहित पुतलों की अधिकतम ऊंचाई 14 फीट निर्धारित की गई है| इससे अधिक ऊंचे पुतलों का पंजीकरण नहीं किया जाएगा|

