
छात्रों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उत्तराखंड राज्य के पौड़ी में निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। बता दें कि नगर पालिका प्रशासन की मुहिम धरातल पर रंग लाई तो उन्हें जल्द ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा मिलेगी। इसके लिए कोचिंग स्थल के रूप में पालिका ने अपने सभागार को चयनित किया है और युवाओं का निशुल्क पंजीकरण भी शुरू कर दिया गया है।
यदि यह योजना फलीभूत होती है तो इसके परिणाम भी जल्द देखने को मिलेंगे। नगर पालिका पौड़ी द्वारा 19 सितंबर से निशुल्क कोचिंग शुरू करने की योजना बनाई गई है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का पंजीकरण नगर पालिका में भी शुरू करवा दिया गया है। कोचिंग का समय सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे तक रखा गया है। बता दें कि आर्थिक स्थिति के चलते कुछ बच्चे अपनी परीक्षा की तैयारी अच्छे से नहीं कर पाते और पीछे रह जाते हैं तथा इसी को देखते हुए नगर पालिका की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की कार्ययोजना तैयार की गई है।

