अल्मोड़ा -: अब जिले के दुरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल वैन से होगा उपचार

अल्मोड़ा| जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है | अब उन्हें उपचार के लिए अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी| मेडिकल मोबाइल वैन के माध्यम से उन्हें घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगे| इसके लिए जिले में आठ मोबाइल वैन का संचालन शुरू किया गया है| जिन्हें डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है|


बीते दिवस डीएम विनीत तोमर ने हंस फाउंडेशन के सहयोग से मिली 8 मेडिकल मोबाइल वैन को कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर विकासखंडो के लिए रवाना किया| इस दौरान उन्होंने कहा कि इन मोबाइल वैनों के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होगी|


सीएमओ डॉ आरसी पंत के मुताबिक, वैन में एक डॉक्टर, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन और एएनएम की तैनाती की गई है| इसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाया जाएगा और इसमें लोगों को 50 तरह की जांच की सुविधा मिलेगी| इसके माध्यम से स्वास्थ्य कर्मी घर के नजदीक ही मरीजों का उपचार कर उन्हें निशुल्क दवा देंगे| हर 15 दिन में वैन गांव पहुंचेगी और लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी| इन मोबाइल वैन को सल्ट, स्यालदे, भैंसियाछाना, चौखुटिया, हवालबाग, भिकियासैंण, धौलादेवी, ताड़ीखेत विकासखंड मुख्यालय के पीएससी और सीएससी पर तैनात किया जाएगा|