अल्मोड़ा:- राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया में आयोजित किया गया तीन दिवसीय स्काउट, गाइड शिविर

अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया अल्मोड़ा में तीन दिवसीय स्काउट, गाइड द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन हर्षोल्लास व रंगारंग कार्यक्रम के साथ किया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए संयोजक प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया शंकर लाल टम्टा ने कहा कि स्काउट, गाइड शिविर राष्ट्र को सुयोग्य एवं अनुशासित नागरिक प्रदान करते हैं। उन्होंने शिविरार्थियों से आवाहन किया कि वे सुयोग्य, संस्कारी, अनुशासित व कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर देश सेवा हेतु अपने आप को समर्पित करें। शिविर के दौरान शिविरार्थियों को स्काउट नियम, प्रतिज्ञा ,सिद्धांत, स्काउटिंग का इतिहास विभिन्न प्रकार की बातें बताई गई। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की गांठ, दिशा ज्ञान, पाककला और तंबू निर्माण की जानकारी भी उन्हें दी गई। शिविर में राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया से 16 स्काउट व 17 गाइडे शामिल रही। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों से स्काउट और गाइड ने इस शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान प्रशिक्षक की भूमिका में आर एस खड़ायत, आर.सी. फुलोरिया, उषा पाल, सुनीता मेर रहे।