
भारत ने अपनी आजादी के 76 वर्ष पूरे कर लिए हैं और अब भारत कल दिनांक 15 अगस्त 2023 को 77 वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। बता दें कि 77वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को संबोधित किया और उन्हें बधाई दी तथा इस दौरान उन्होंने कहा कि यह दिन हम सबके लिए गौरवपूर्ण और पावन है। चारों ओर उत्सव का वातावरण है जिससे मुझे प्रसन्नता हो रही है। राष्ट्रपति का कहना था कि स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि हम केवल व्यक्ति नहीं है बल्कि हमें एक ऐसे महान जन समुदाय का हिस्सा है जो अपनी तरह का सबसे बड़ा और जीवंत समुदाय है। हमारा देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और नागरिकों का समुदाय है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी इस महान देश के नागरिक हैं। हम सबको समान अवसर और अधिकार उपलब्ध हैं यही नहीं बल्कि हमारे कर्तव्य भी समान है। इसी दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गांधी जी का नाम लेते हुए कहा गया कि गांधीजी तथा अन्य महानायको ने भारत की आत्मा को फिर से जगाया और हमारे महान सभ्यता के मूल्य का संचार जन-जन में किया। इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए कहा गया कि सरोजिनी नायडू, अम्मू स्वामीनाथन, रमा देवी, अरुणा आसफ अली और सुचेता कृपलानी जैसी अनेक महिलाओं ने अपने बाद की सभी पीढ़ियों की महिलाओं के लिए आत्मविश्वास के साथ देश तथा समाज की सेवा करने के प्रेरक आदर्श प्रस्तुत किए हैं और आज भी महिलाएं विकास और देश सेवा के हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर योगदान दे रही है और राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही है।
