
उत्तराखंड राज्य के विकासनगर से एक ऐसा मामला सामने आ रहा है जहां इंटरनेट मीडिया पर हिंदू देवी- देवताओं के बारे में अपमानित शब्दों का प्रयोग करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि आरोपित के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था जिसे सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक इंटरनेट मीडिया पर हिंदू धर्म के विरुद्ध गलत पोस्ट डालने पर शुक्रवार रात में लखनवाला गांव में हिंदू संगठनों व सनातनी ग्रामीणों ने हंगामा किया था और इसे देखते हुए गांव में पुलिस पहुंची तथा मामला शांत कराया। हिंदू संगठनों द्वारा मांग की गई कि आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर में कहा गया कि नौशाद अली उर्फ लाली निवासी लखनवाला ने हिंदू देवी- देवताओं के लिए अपमानित शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें ठेस पहुंचाई जिसके बाद पुलिस ने सहसपुर क्षेत्र में दबिश दी और बीते शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है तथा यदि आरोपित पर आरोप सही साबित हो गए तो उसके खिलाफ आगे सख्त कार्यवाही की जाएगी।

