अल्मोड़ा:- होमगार्ड जवान को सड़क पर मिली डेढ़ लाख रुपए की मशीन….. प्रचार- प्रसार करके स्वामी तक पहुंचाई सुरक्षित

अल्मोड़ा। जिले में कोसी क्षेत्र के अंतर्गत एक होमगार्ड जवान को सड़क पर एक कंपनी की लगभग डेढ़ लाख रुपए की कीमती ऑप्टिकल टाइम डोमेन रिफ्लेक्टोमीटर मशीन मिली। जवान ने इसका प्रचार-प्रसार विभिन्न माध्यमों के जरिए किया जिसके आधार पर मशीन का स्वामी अपनी मशीन लेने के लिए पहुंच गया और जांच-पड़ताल के बाद जवान ने वह मशीन लौटा दी। जानकारी के मुताबिक बीते रविवार को अल्मोड़ा यातायात ड्यूटी में तैनात होमगार्ड जवान राजेंद्र सिंह नेगी को वापस लौटते समय कोसी क्षेत्र में वह मशीन मिली और होमगार्ड ने मशीन स्वामी का पता लगाने के लिए कोसी बाजार में दुकानदारों से पूछताछ की और वाहनों को भी सूचना दी। मशीन स्वामी का कुछ पता नहीं लगा तो होमगार्ड ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पोस्ट कर इसका प्रचार किया जिसके बाद मशीन के दस्तावेज मशीन स्वामी ने प्रस्तुत किए और यातायात निरीक्षक गणेश सिंह हरड़िया ने जांच पड़ताल करते हुए मशीन कर्मचारियों को सौप दी। यह मशीन फाइबर लाइन को जोड़ने के काम आती है जो कि बीते रविवार को हवालबाग क्षेत्र के अंतर्गत गिरी हुई मिली और होमगार्ड जवान की ईमानदारी के कारण यह मशीन सुरक्षित उसके स्वामी तक पहुंच पाई