Uttarakhand- नशा करने के लिए नशेड़ी ने चुराया गैस और सिलेंडर…… आरोपित गिरफ्तार

उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां आरोपित ने नशे की लत को अंजाम देने के लिए गैस और सिलेंडर चोरी किया। बता दें कि थाना बड़कोट पुलिस ने नशेड़ी युवक को गैस, सिलेंडर की चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में दूसरा युवक फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए और उसके बाद आरोपी को पकड़ा गया है तथा आरोपित के पास से गैस और सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। थाना बड़कोट के थाना निरीक्षक संतोष कुमार के अनुसार भगवती प्रसाद बिजलवान निवासी नगर पालिका परिषद बड़कोट ने चोरी के संबंध में तहरीर दी थी जिसके बाद पुलिस ने इस चोरी का पर्दाफाश करने के लिए टीम गठित की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी में दो युवक बाइक में सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिए और टीम ने 7 घंटे के अंदर मामले में आरोपित आकाश निवासी ग्राम भौती नौगांव को गिरफ्तार कर लिया व मोटरसाइकिल को भी सीज कर लिया। मामले में फिलहाल दूसरा आरोपित फरार है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति का है और उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। गिरफ्तार युवक को आज सोमवार के दिन न्यायालय में पेश किया जाएगा।