
उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जहां स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में रोडवेज बस पलट गई। हाईवे पर रोडवेज बस के ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ गया और बस पलट गई जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने इसकी खबर पुलिस को दी। मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और इस दौरान घायल यात्रियों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। बता दें कि हादसे में कई यात्री घायल हो चुके हैं हालांकि राहत की बात यह है कि इस दौरान किसी की मौत नहीं हुई। पुलिस ने क्रेन से बस को सीधा करने के बाद उसे रोड से हटाया और यातायात सुचारु किया गया। जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद डिपो की बस यात्रियों को लेकर हरिद्वार आ रही थी जिसमें करीब 57 यात्री सवार थे और कनखल में हाईवे पर होटल गंगेज रिवेरा के पास एक स्कूटी सवार आ गया उसे बचाने के चक्कर में बस ने ब्रेक लगाए लेकिन रफ्तार तेज होने के चलते अनियंत्रित होकर बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई जिससे यात्रियों को चोटें आई हैं।

