
उत्तराखंड राज्य की धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार से कावड़ मेला शुरू हो गया है और इस बार कांवड़ मेले में 4 करोड़ से अधिक कावड़ यात्री पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे इसके लिए उत्तराखंड पुलिस के 2000 पुलिसकर्मियों के अलावा अर्धसैनिक बलों की छह कंपनियां भी तैनात की गई हैं और मेला क्षेत्र को 12 सुपर जोन, 33 जोन व 153 सेक्टरों में बांट दिया गया है। बता दे कि हरिद्वार में आज मंगलवार को हरकी पौड़ी की प्रबंध कारिणी संस्था श्री गंगा सभा और प्रशासन की ओर से कावड़ मेले की सफलता के लिए ब्रह्मकुंड पर गंगा पूजन किया गया और कामना की गई कि मेला सकुशल संपन्न हो जाए। इस दौरान जिलाधिकारी धीरज सिंह, एसएसपी अजय सिंह समेत आदि अधिकारी मौजूद रहे। आज सावन मास शुरू होने पर हरिद्वार में श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन हैं और कावड़िए देश के अलग-अलग राज्यों से यहां पहुंच रहे हैं। इसके अलावा श्रावण मास के शुरू होने पर हरिद्वार के कनखल स्थित श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर व अन्य शिवालयों में भी भक्त जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।

