ठगी का नया तरीका -: 9 अंकों के नंबर से फोन कॉल आने पर हो जाएं सतर्क, साइबर थाना पुलिस की लोगों से अपील..

अगर आपको कभी 9 अंकों के नंबर से कोई फोन कॉल आता है तो सावधान हो जाएं| साइबर ठगों ने ठगी का यह नया तरीका खोज निकाला है| जहां पहले वह कोरियर कंपनी के कर्मचारी बनकर आपके नाम से कोई पार्सल होने की बात करते हैं और फिर पार्सल में मादक पदार्थ होने की बात कहकर आपके खाते से जुड़ी जानकारियां लेकर खातों में रुपए जमा कराएंगे|
इस मामले को देखते हुए साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अनजान लोगों को आधार कार्ड, पैन कार्ड और खाते संबंधी जानकारियां साझा नहीं करने की अपील की है|

Advertisements


बता दें इन दिनों साइबर ठग 9 अंकों के नंबर से लोगों को कॉल कर रहे हैं| वह खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताते हुए चीन या किसी अन्य देश से पार्सल आने की बात कहते हैं| जब व्यक्ति की ओर से इनकार किया जाता है तो ठग पार्सल में मोबाइल नंबर लिखे होने और पार्सल में मादक पदार्थ होने की बात कहकर डराने की कोशिश करते हैं| फिर दूसरे नंबर से कस्टम या नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी होने का दावा करके कॉल करते हैं| व्यक्ति के पार्सल को लेकर अनभिज्ञता जताने पर ठग सबूत के रूप में बैंक स्टेटमेंट और आईडी मंगाता है| इसके बाद कुछ ट्रांजैक्शन संदिग्ध बताते हुए अपने खाते में रुपए डलवा देता है|
साइबर थाना कुमाऊं प्रभारी ललित मोहन जोशी के अनुसार, 9 अंकों के नंबर से कोई कॉल आए तो सत्यापन जरूर कर लें| उनके पास ऐसी लिखित शिकायत नहीं आई है, मगर ठग यह तरीका भी अपना रहे हैं| अनजान कॉलर से खाता संबंधी कोई भी जानकारी साझा न करें| ऐसे मामले में तत्काल साइबर थाना पुलिस या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें|