Uttarakhand -: अब आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलेगा रेडी टू ईट फूड

उत्तराखंड के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों व महिलाओं को रेडी टू ईट फूड उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है| केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में इस व्यवस्था के लिए किसी केंद्रीय एजेंसी से टाइअप किया जाएगा| प्रयास किए जा रहे हैं कि इसी साल अक्टूबर-नवंबर से इस व्यवस्था को अपनाया जाए| जिससे बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को वैज्ञानिक कसौटी पर परखा सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा|


प्रदेश में वर्तमान में 14947 आंगनबाड़ी केंद्र और 5120 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं| इनमें पंजीकृत 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों, किशोरियों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता की पूर्ति के लिए पोषाहार टेक होम राशन दिया जाता है| महीने में एकमुक्त 25 दिन के लिए राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था है| पहले यह काम स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से होता था, लेकिन बाद में केंद्र सरकार ने टेक होम राशन के मानकों में बदलाव किया| वर्तमान में माता समितियों के माध्यम से इसका वितरण होता है, लेकिन इस व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी चल रही है|
बता दें कि केंद्र सरकार ने अपने दिशानिर्देशों में यह स्पष्ट किया है कि बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों से दिया जाने वाला भोजन हाइजीनिक, वैज्ञानिक व मशीनरी पर आधारित हो| अति कुपोषित श्रेणी के बच्चों को दोगुना पोषाहार एवं ऊर्जा आधारित रेडी टू यूज टेंपरेट आहार देने पर जोर दिया जाए| जिसके तहत सरकार ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं|