
अगले सत्र से उत्तराखंड के सरकारी और अशासकीय स्कूलों के कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को विज्ञान, गणित और नागरिक शास्त्र की द्विभाषी किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी| मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एनसीईआरटी की ऐसी प्रत्येक विषय की पुस्तक में बांया पेज हिंदी और दाहिना पेज अंग्रेजी भाषा में होगा| इससे हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के बच्चों के लिए पढ़ाई करना और आसान हो जाएगा|
मुख्यमंत्री धामी राज्य सचिवालय में विभिन्न विभागों की समीक्षा कर रहे थे| इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए बनाई जा रही योजनाओं को पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए हैं| कहा कि 2025 तक जिन योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य है उसकी नियमित समीक्षा की जाए|
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन जिलों में विद्यालय शिक्षा के तहत विद्यार्थी ड्रॉपआउट हो रहे हैं उनके कारणों का अध्ययन किया जाए| ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं| सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जाए|

