
देहरादून| राज्य में संभावित बिजली संकट से निपटने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से अतिरिक्त बिजली की मांग की है|
मुख्यमंत्री ने राज्य को केंद्रीय पूल से मार्च 2024 तक 400 मेगावाट अतिरिक्त बिजली देने का अनुरोध किया है| जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया| मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने मार्च 2023 तक 300 मेगावाट बिजली देने का आभार भी जताया|
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया है कि केंद्रीय दल उत्तराखंड में बिजली की मांग और जरूरत का अध्ययन कर एक कार्ययोजना तैयार करेगा| मुख्यमंत्री धामी ने कहा पर्यावरणीय कारणों से राज्य में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में विलंब हो रहा है| परियोजना से जुड़े मामले न्यायालयों में विचाराधीन होने से विद्युत मांग के सापेक्ष विद्युत उपलब्धता में कमी है| राज्य की विद्युत मांग एवं उपलब्धता में वर्ष 2023-24 के दौरान औसतन 400 मेगावाट का अंतर होने की संभावना है|
