अल्मोड़ा:- छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संस्थान और सूर्य मंदिर का किया शैक्षिक भ्रमण

अल्मोड़ा। रा. इ. कॉ. नाई ताकुला के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य अनिल कुमार कठेरिया की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत गोविंद वल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान कोसी और सूर्य मंदिर, कटारमल का शैक्षिक भ्रमण किया। टीम प्रभारी भूगोल प्रवक्ता रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में कक्षा 9 व 11 के छात्र-छात्राओं ने भ्रमण के दौरान विविध भौगोलिक, पर्यावरणीय व ऐतिहासिक जानकारियाँ प्राप्त कीं।
गो० ब० पं० रा० हिमालयी पर्यावरण संस्थान में छात्र- छात्राओं ने सूर्यकुंज की जैव-विविधता के विषय में जानकारी प्राप्त की। छात्र- छात्राओं ने सूर्यकुंज में मौजूद बांज, धुनार, हयूटोनिया, थाकल, ईसबगोल, सिलफोड़, बज्रदंती, अकरकारा, उतीस, रिंगाल, सुरई, अश्वगंधा, तिमूर आदि पेड़-पौधों व औषधीय वनस्पतियों का अवलोकन किया और उनकी उपयोगिता जानी। सूर्यकुंज के बाद छात्र- छात्राओं ने संकाय एवं प्रशासनिक भवन की प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। माइक्रोबायलॉजी लैब, जैव विविधता संरक्षण प्रयोगशाला, भूमि एवं जल परीक्षण प्रयोगशाला, केंद्रीय प्रयोगशाला आदि का अवलोकन कर रूचिकर ढंग से मृदा, जल एवं वनस्पतियों के विषय में जानकारियाँ हासिल कीं। यहाँ जानकारी प्रदान करने में शोधार्थी पूजा ओली, अंजलि तिवारी, प्रदीप मेहरा आदि ने सहयोग किया।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने संस्थान के ग्रामीण तकनीकी परिसर का भ्रमण किया। यहाँ छात्र- छात्राओं ने ऐंपण, चीड़ की पत्तियों (पिरूल) से तैयार उत्पादों, रिंगाल से बनी वस्तुओं का अवलोकन करने के साथ-साथ प्रोजेक्ट फाइल के गत्ते बनाने की विधि, मछली उत्पादन की विधि, पॉलीहाउस की कार्यप्रणाली, बायोक्रेटिंग इकाई, बायोब्रिकेट, कूरी घास, काला बाँसा, वर्मी कंपोस्ट बायोडायनामिक कंपोस्ट आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की। यहाँ जानकारी देने वालों में डॉ. दीपा बिष्ट व डॉ. डी० एस० बिष्ट शामिल थे।

 अंत में  छात्र-छात्राओं ने सूर्य मंदिर कटारमल के दर्शन किये एवं मंदिर की ऐतिहासिकता के विषय में जानकारी प्राप्त की। भ्रमण दल के सदस्यों में गणेश चंद्र शर्मा, डॉ. पवनेश ठकुराठी, अंकित जोशी, सोनम देवी, अजरा परवीन, खुशबू बिष्ट, दीपांशु नयाल, मोहित भण्डारी, विमला अल्मिया, मानसी नयाल आदि शामिल रहे।