
फुटबॉल के जादूगर कहे जाने वाले ब्राजील के महान फुटबॉलर एडसन अरांतेस नासिमेंटो पेले का बीते गुरुवार को निधन हो गया है। उन्होंने 82 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। बता दें कि पेले 2021 से पेट के कैंसर से जूझ रहे थे और 1 माह पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। तीन बार विश्वकप विजेता के रूप में रिकॉर्ड बनाने वाले पेले के निधन पर ना सिर्फ उनका देश बल्की पूरी दुनिया शोक में डूब गई है। उनकी मौत की आधिकारिक जानकारी उनके परिवार द्वारा दी गई है। उनकी बेटी द्वारा इंस्टाग्राम पर निधन की जानकारी साझा की गई है। फुटबॉल के सबसे महानतम खिलाड़ियों में अपना नाम बनाने वाले पेले ब्राजील के फुटबॉलर थे और दो दशकों तक उन्होंने ब्राजील की राष्ट्रीय टीम और ब्राजील के क्लब सैंटोस में सेवाएं दी थी और पूरी दुनिया में उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से ब्राजील का लोहा मनवाया था तथा ब्राजील को फुटबॉल जगत में उन्होंने नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। 17 वर्ष की उम्र में 1958 में उन्होंने पहली बार स्वीडन में विश्व कप खेला और यह मैच ब्राजील ने 5- 2 से जीता था। उन्होंने अपने 21 वर्ष के करियर में 1283 गोल किए तथा उन्हें 20 वीं सदी का पहला वैश्विक आइकन माना जाता है।
