
शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) के लिए स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं चलाएं|
उन्होंने कहा कि इसके लिए शिक्षकों को अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाएगा| स्कूलों में फ्री मेडिकल और फ्री इंजीनियरिंग की तैयारी भी कराने को कहा|
उन्होंने कहा है कि सप्ताह में 2 दिन बच्चों को दूध मिलेगा, जो कि पूर्व में 1 दिन मिलता था|
जीजीआईसी हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के अपर निदेशक, माध्यमिक, प्राथमिक और शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने यह निर्देश दिए|
साथ ही उन्होंने इस दौरान विद्यालयों के किचन गार्डन में केले के पेड़ लगाने के निर्देश दिए और कहा कि केले के पेड़ में पोटेशियम की मात्रा बहुतायत होती है जो बच्चों के पोषण के लिए सर्वश्रेष्ठ है| कहा कि सरकार का लक्ष्य 2025 तक राज्य के समस्त विद्यालयों के भवनों को सुदृढ़ करना है| शिक्षा अधिकारी अपने जिलों के स्कूल भवनों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराएं| साथ ही उन्होंने बताया कि यूएसनगर में 50, नैनीताल में 30, पिथौरागढ़ में 15, अल्मोड़ा में 40, चंपावत में आठ बाल वाटिका बनाई जाएंगी| इसके लिए जिला अधिकारियों को 1 माह के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं|

