अल्मोड़ा:- लगातार हो रही बारिश ने किसानों के माथे पर खींची चिंता की लकीर…. सता रहा फसल बर्बाद होने का डर

उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जिलों में बीते गुरुवार की शाम से लगातार बारिश का दौर जारी है। खासकर कुमाऊं के जिलों में सबसे अधिक बारिश हो रही है। बता दें कि अल्मोड़ा जिले में गुरुवार की शाम से बारिश के कारण लोगों का जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है और वही किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। किसानों को खेतों में खड़ी और पकी धान की फसल बर्बाद होने का डर सता रहा है। बारिश के साथ साथ ठंड में भी काफी इजाफा हो गया है तथा लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। मुख्य बाजार में भी सन्नाटा छाया हुआ है क्योंकि बारिश के कारण लोग घरों से निकलने के लिए तैयार नहीं है। बता दें कि आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है।

बारिश के कारण धान, तिलहनी फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। वही काश्तकार 50 फ़ीसदी से अधिक उत्पादन समेट चुके हैं मगर अभी भी बची हुई फसल को बारिश नुकसान पहुंचा रही है। बता दें कि इन दिनों किसान धान मड़ाई के साथ तिलहनी फसलों को एकत्रित कर रहे हैं। लेकिन बीते गुरुवार से हुई बारिश के कारण किसानों को धान की फसल खराब होने का डर सता रहा है। यदि मौसम ऐसा ही रहा तो किसानों को उनके पशुओं के लिए चारा एकत्रित करने में भी काफी समस्याएं आएंगी। क्योंकि इन दिनों आने वाले 6 माह के लिए जानवरों को खिलाने के लिए चारा एकत्रित किया जाता है। मगर यदि बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा तो पशुपालक अपने पशुओं के लिए चारा भी एकत्रित नहीं कर पाएंगे।