अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर में बीते 15 सितंबर 2022 को कोर्ट में पेशी के दौरान दन्या थाने के अंतर्गत ग्राम पदमपुरी पल्ली, पोखरी निवासी कमल सिंह बिष्ट फरार हो गया जिसे पुलिस द्वारा 11 दिन बाद चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय द्वारा ₹5000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। बता दें कि यह आरोपी अल्मोड़ा न्यायालय में पेशी के दौरान फरार हो गया जिसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। भागने के बाद पुलिस ने अभिरक्षा में भागने के संबंध में इस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था और इस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए सीईओ विमल प्रसाद और कोतवाल राजेश कुमार यादव को टीम गठित करने के निर्देश भी मिले थे। आरोपी को ढूंढने के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल भी किया गया जिसके बाद आखिरी में यह आरोपी चंडीगढ़ से पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपी को ढूंढने के लिए लंगर में खाना बांटने का काम भी किया क्योंकि जानकारी मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ जाकर लंगर में खाना खा रहा है। बता दे कि 15 सितंबर को भागने के बाद 16 की रात आरोपी अल्मोड़ा बाजार आया जिसके बाद 17 को उसने साइबर कैफे से धनराशि निकाली और चंडीगढ़ के लिए चला गया। चंडीगढ़ में उसकी प्रेमिका के होने की बात भी सामने आई है। चंडीगढ़ में उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने सेवक बनकर लंगरों में खाना भी बांटा जिसके बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस द्वारा उसे पकड़ लिया गया। बता दे कि फरार आरोपी को पुलिस ने 11 दिनों में खोजा और इसकी खोज के लिए पुलिस को 350 सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले पड़े इस दौरान पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद भी ली। पुलिस द्वारा आरोपी को चंडीगढ़ के सेक्टर 11, सेक्टर 12 के रोज गार्डन सेक्टर 22 और पीजीआई के लंगरो में तलाशा गया।