
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में अब राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में एक अन्य विषय जोड़ दिया गया है। बता दें कि यह विषय स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का होगा। इस विषय को लागू करने का निर्णय मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान बीते 25 अगस्त 2022 को किया गया था और अब इस विषय को पाठ्यक्रम में सम्मिलित करने के लिए शिक्षा सचिव रविनाथ रमन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बता दें कि सरकार द्वारा यह कदम विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति शिक्षित एवं जागरूक करने हेतु उठाया गया है क्योंकि प्राथमिक से लेकर माध्यमिक स्तर तक हमेशा ही छात्र-छात्राओं में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य को लेकर उदासीनता देखने को मिलती है और यदि ऐसे में स्वास्थ्य तथा स्वच्छता को एक विषय के रूप में बच्चों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाता है तो इससे बच्चे जागरुक होंगे। इस विषय को बच्चों के पाठ्यक्रम में शामिल करने के बाद उनमें संक्रामक रोग भी कम होंगे। विद्यालयों में इस विषय को पढ़ाने पर एक वातावरण तैयार हो पाएगा। राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के पाठ्यक्रम में इस विषय को सम्मिलित करने हेतु विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक द्वारा शासन को प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया था और अब राज्यपाल द्वारा भी इसे अनुमोदित कर दिया गया है। बता दें कि अब इसे विद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

