
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पहले खटीमा से विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी पुष्कर सिंह धामी की मुख्यमंत्री के रूप में ताजपोशी की, जिसके बाद बद्रीनाथ विधानसभा से चुनाव हारने के बावजूद महेंद्र भट्ट को संगठन ने प्रदेश की कमान सौंपी| भाजपा हाईकमान ने इन नियुक्तियों से कार्यकर्ताओं को सीधा संदेश देने का प्रयास किया है कि चुनाव चाहे आप न जीते हैं, मगर यदि आप योग्य हैं तो आपको संगठन में जरूर सम्मान मिलेगा| आपको बता दें इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने भी रानीखेत विधानसभा से चुनाव हार चुके पूर्व विधायक करण मेहरा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था।
महेंद्र भट्ट की ताजपोशी से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी हरिद्वार से विधायक और पूर्व में कैबिनेट मंत्री रहे मदन कौशिक के पास थी| उनके नेतृत्व में पार्टी ने मिथक तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार प्रदेश में सरकार बनाई, हालांकि हरिद्वार की ही 7 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा| मदन कौशिक का अब संगठन अथवा सरकार में क्या रोल रहेगा यह स्पष्ट नहीं है| लेकिन कहा जा रहा है कि उन्हें मंत्रिमंडल में एडजस्ट किया जा सकता है।
